UP News : ‘सिर्फ 8 लोग शामिल, पूरे ट्रस्ट को बदनाम करना गलत’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर CM योगी का बड़ा बयान

UP News : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जांच में सिर्फ 8 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पूरे ट्रस्ट और अयोध्या को बदनाम करना गलत बताते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जांच में केवल आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्तियों की कथित करतूत के आधार पर पूरे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और अयोध्या की छवि को धूमिल करना उचित नहीं है।

चित्रकूट में 950 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की गणना में लगभग 150 लोग जुड़े हैं। ट्रस्ट को गड़बड़ी की सूचना मिलने पर उसकी सिफारिश पर राज्य सरकार ने एसआईटी गठित की। जांच में छह लोगों के चोरी में शामिल होने और दो अन्य के साजिश में शामिल होने के प्रमाण मिले। इसके बाद ट्रस्ट की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई और कार्रवाई शुरू की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, तब पूरे ट्रस्ट, अयोध्या और भगवान श्रीराम की विरासत पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर लोगों की आस्था को आहत करने का प्रयास कर रही हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे अब अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने वक्फ संपत्तियों के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भूमि कब्जाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच फिलहाल जारी है और पुलिस वित्तीय लेन-देन समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button