
UP News : उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन को नया नेतृत्व मिल गया है। एसोसिएशन ने काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विश्व भूषण मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की डिप्टी डायरेक्टर सृष्टि धवन को महासचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन के इतिहास में महासचिव पद संभालने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
एसोसिएशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों की नियुक्ति संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा गतिशील बनाने के उद्देश्य से की गई है। विश्व भूषण मिश्रा प्रशासनिक अनुभव और कुशल नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं, जबकि सृष्टि धवन ने विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
सृष्टि धवन की महासचिव पद पर नियुक्ति को महिला नेतृत्व के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक सेवा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के बीच यह निर्णय संगठन में समावेशी नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पीसीएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि नए नेतृत्व में संगठन अधिकारियों के हितों की प्रभावी पैरवी करने के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।



