
UP Pratapgarh News: अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर उद्योग विभाग द्वारा सरोज चौराहा स्थित ओम साई पैलेस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक एवं टूलकिट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए कहा कि सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार देने वाला उद्यमी बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए।
इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टेलरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 250 प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। वहीं जिला ग्रामोद्योग विभाग की मुख्यमंत्री टर्मलोन योजना एवं माटी कला योजना के तीन लाभार्थियों को भी ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए।
आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की अहम भूमिका
सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का आह्वान किया।
उन्होंने जनपद में संचालित ओडीओपी और ओडीओसी योजनाओं की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
UP Pratapgarh News: मोहर्रम पर निकला ताजिया का जुलूस, युवाओं ने दिखाए करतब
अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
सहायक आयुक्त उद्योग जे.एन. यादव एवं अजय प्रसाद ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र युवाओं एवं कारीगरों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने मुख्य अतिथि एवं लाभार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उद्योग विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं और पारंपरिक कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम का संचालन ओडीओपी उत्पाद संघ के अध्यक्ष मो. अनाम ने शेरो-शायरी के माध्यम से किया, जिसने आयोजन को आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर अजय शर्मा, कफील अहमद, मनोज यादव, देवराज, ऋषिराज सिंह और विशाल विश्वकर्मा सहित उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



