
IND A vs SL A Final: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले जा रहे त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए चौकों-छक्कों की बरसात कर दी और महज 29 गेंदों में 94 रन बनाकर इतिहास रचने के करीब पहुंच गए। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी विस्फोटक पारी ने भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 53 गेंदों में 132 रनों की साझेदारी की। प्रियांश ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 39 रन बनाए और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और संयम के साथ रन गति बनाए रखी।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 51 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली और तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की अहम साझेदारी की। हालांकि मोहम्मद शिराज ने उन्हें बोल्ड कर भारत ए को तीसरा झटका दिया। दूसरी ओर तिलक वर्मा अर्धशतक के करीब पहुंचकर टीम की पारी को आगे बढ़ाते रहे।
इससे पहले श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही मैच पर दबदबा बना लिया। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी और मध्यक्रम की जिम्मेदार साझेदारी ने फाइनल मुकाबले में भारत ए को मजबूत स्कोर की दिशा में आगे बढ़ाया।
Written By: Ekta Verma



