
UP School Summer Vacation : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 24 जून 2026 तक बढ़ाने का फैसला किया है। लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां 25 जून से शुरू होंगी।
हीट वेव को देखते हुए लिया गया फैसला
प्रदेश सरकार का मानना है कि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पिछले वर्षों में हीट वेव की स्थिति के कारण विभिन्न जिलों में अलग-अलग समय पर छुट्टियां बढ़ानी पड़ती थीं। नई व्यवस्था लागू होने से पूरे प्रदेश में एक समान शैक्षणिक कैलेंडर सुनिश्चित होगा और छात्रों, अभिभावकों तथा शिक्षकों को स्पष्ट जानकारी मिलेगी।
22 जून से स्कूल पहुंचेंगे शिक्षक
विद्यालय खुलने से पहले सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा करने के लिए 22, 23 और 24 जून को शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान लेसन प्लान तैयार करना, पाठ्यपुस्तकों के वितरण की व्यवस्था, मध्याह्न भोजन योजना की तैयारी, विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक, बाल वाटिका संचालन, परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई, खेल सामग्री की उपलब्धता तथा स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब को क्रियाशील बनाने जैसे कार्य पूरे किए जाएंगे।
220 कार्यदिवस सुनिश्चित करने पर जोर
राज्य सरकार ने शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निर्धारित न्यूनतम 220 कार्यदिवस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों को भी स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित करते समय इस प्रावधान का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
सरकार का मानना है कि छात्रों के अधिगम स्तर में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षण दिवस आवश्यक हैं।
योग दिवस और बेहतर शिक्षण वातावरण पर फोकस
आदेश में विद्यालयों में बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षक और छात्र-छात्राओं की सहभागिता से सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा।
योगी सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जोड़ते हुए बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।



