
Uttar Pradesh News: प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा का बुधवार को जनपद प्रतापगढ़ आगमन हुआ। पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस पहुंचने पर पुलिस की सुसज्जित एवं अनुशासित टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस दौरान आईजी सलामी गारद का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अनुशासन, टर्न-आउट तथा परेड की सराहना की।
आईजी के आगमन पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों और उनके परिणामों पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान आईजी अजय कुमार मिश्रा ने जनपद में आयोजित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, निगरानी व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय संबंधी जानकारी से अवगत कराया।
आईजी ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतर्क निगरानी तथा प्रभावी समन्वय के माध्यम से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की सराहना की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
जनपद पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं के सफल और निष्पक्ष आयोजन के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आईजी के दौरे को लेकर पुलिस महकमे में विशेष सक्रियता देखने को मिली और अधिकारियों ने उन्हें जिले की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



