
Entertainment News: आज इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन चुकी है। करोड़ों दर्शकों और अरबों रुपये के कारोबार वाली इस लीग की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक है कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था जब बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान KKR खरीदने से डर रहे थे?
IPL के शुरुआती दौर से जुड़ा यह दिलचस्प खुलासा लीग के पहले चेयरमैन रहे ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शाहरुख खान को IPL टीम खरीदने का प्रस्ताव दिया था, तब अभिनेता इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे।
दरअसल, शाहरुख खान क्रिकेट के बड़े प्रशंसक नहीं थे। ललित मोदी के मुताबिक, शाहरुख को क्रिकेट की ज्यादा समझ भी नहीं थी और उनकी रुचि फुटबॉल में अधिक थी। जब IPL टीम खरीदने की बात हुई तो शाहरुख ने साफ कहा कि उन्हें क्रिकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।
हालांकि असली चिंता क्रिकेट नहीं, बल्कि पैसा था। ललित मोदी के अनुसार, जब उन्होंने शाहरुख को बताया कि टीम खरीदने के लिए करीब 20 करोड़ रुपये का डाउन पेमेंट करना होगा, तो अभिनेता थोड़ा घबरा गए। शाहरुख ने कहा कि यह रकम उनके सेविंग्स अकाउंट का बड़ा हिस्सा है और वे इतना बड़ा जोखिम लेने को लेकर सहज नहीं हैं।
यहीं से शुरू हुई एक ऐसी रणनीति, जिसने पूरी कहानी बदल दी। ललित मोदी ने उस समय मोबाइल कंपनी नोकिया के साथ बातचीत की। नोकिया शाहरुख खान को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहती थी। ललित ने कंपनी को प्रस्ताव दिया कि अगर शाहरुख IPL टीम खरीदते हैं तो नोकिया उस टीम की टाइटल स्पॉन्सर बने।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोकिया इस प्रस्ताव के लिए तुरंत तैयार हो गई। कंपनी ने लगभग 50 लाख डॉलर यानी मौजूदा मूल्य के हिसाब से करीब 47 करोड़ रुपये की स्पॉन्सरशिप देने पर सहमति जताई। इससे KKR को बड़ा आर्थिक सहारा मिल गया और शाहरुख खान का वित्तीय जोखिम काफी कम हो गया।
ललित मोदी ने दावा किया कि इसी स्पॉन्सरशिप मॉडल की वजह से शाहरुख खान को KKR लगभग “फ्री” में मिल गई। उन्होंने बताया कि दोपहर में शाहरुख ने टीम खरीदने के लिए चेक दिया और उसी दिन शाम तक स्पॉन्सरशिप का चेक भी जारी हो गया।
इसके बाद KKR ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। शाहरुख खान, जूही चावला और जय मेहता की सह-मालिकाना वाली यह टीम IPL की सबसे सफल और लोकप्रिय फ्रेंचाइजियों में शामिल हो गई। टीम अब तक तीन IPL खिताब जीत चुकी है और इसकी ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ती रही है।
दिलचस्प बात यह है कि जिस टीम के लिए कभी 20 करोड़ रुपये का निवेश करने में शाहरुख खान हिचक रहे थे, आज उसी KKR की वैल्यूएशन करीब 22,500 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह कहानी सिर्फ IPL की सफलता की नहीं, बल्कि सही समय पर लिए गए बिजनेस फैसलों और दूरदर्शिता की भी मिसाल है।
Written By: Ekta Verma


