
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में लगातार हो रही बिजली कटौती और पानी की गंभीर समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। बुधवार को बुद्धेश्वर चौराहे के पास मोहान रोड पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या शामिल रही।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि इलाके में कई दिनों से बिजली की अनियमित सप्लाई और पानी की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
घंटों लगा रहा जाम, राहगीर हुए परेशान
मोहान रोड पर प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने हालात और खराब कर दिए हैं। पानी की सप्लाई भी बाधित होने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

Lucknow News : ‘आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक’, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले
पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि चौकी से कुछ ही दूरी पर घंटों तक जाम और प्रदर्शन चलता रहा, लेकिन पारा पुलिस मौके पर नजर नहीं आई। इसे लेकर लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द बिजली और पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

लोगों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
स्थानीय निवासियों ने साफ कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी समाधान चाहिए। लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सच की आवाज वेब न्यूज़ जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश



