
Sonbhadra Sports News: हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर के तत्वावधान में आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान पर आरपीएल 2026 क्रिकेट लीग का भव्य शुभारंभ किया गया। रंगारंग कार्यक्रम, आकर्षक आतिशबाजी, बैंडबाजों और बच्चों के सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। खेल प्रेमियों और प्रतिभागी खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आरपीएल 2026 क्रिकेट लीग में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया गया है, जिसमें खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इस अनोखी व्यवस्था ने खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच लीग को लेकर रोमांच और उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर पी सिंह ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने हाथों में प्रज्ज्वलित मशाल लेकर क्रिकेट मैदान में भव्य मार्चपास्ट निकाला। मार्चपास्ट के पश्चात राष्ट्रगान हुआ और फिर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
अपने संबोधन में यूनिट हेड आर पी सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि हिंडालको रेनुसागर लगातार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक पहल करता रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देती हैं।
Sonbhadra News: मोथा चक्रवात से अन्नदाताओं का हुआ भारी नुकसान : डॉ धर्मवीर तिवारी
कार्यक्रम में हेड एचआर आशीष पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए लीग की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं संचालन विभाग के प्रभारी मनीष जैन ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में ऊर्जा, आत्मविश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
उद्घाटन अवसर पर आर पी सिंह एकादश और मनीष जैन एकादश के बीच 8 ओवर का मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आर पी सिंह एकादश ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।
कार्यक्रम का संचालन राजेश राय और सीमा तुर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर हिंडालको रेनुसागर के वरिष्ठ अधिकारी संजय श्रीमाली, कुमार हर्षवर्धन, दीपक पांडेय, ललित खुराना, संदीप यावले, निखिल जैन, मृदुल भारद्वाज, ब्रजेश कुमार वर्मा, आशुतोष सिंह, अभिनीत सिंह, सदानंद पांडेय और राजीव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में रोमांचक खेल के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
सोनभद्र से संजय द्विवेदी।



