
Educational Update: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एजेंसी ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़ी एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आए खुलासों ने देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीबीआई की पूछताछ में मनीषा मंधारे ने कई अहम राज उगले हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा खत्म होने के तुरंत बाद उन दस्तावेजों और हाथ से लिखे सवालों को नष्ट कर दिया गया, जिनका इस्तेमाल छात्रों को पहले से पेपर की जानकारी देने में किया गया था। बताया जा रहा है कि 3 मई 2026 को परीक्षा समाप्त होते ही बचे हुए कागजात जलाकर राख कर दिए गए।
छात्रों को पहले से रटवाए गए थे सवाल
सीबीआई जांच में खुलासा हुआ कि अप्रैल 2026 के दौरान मनीषा मंधारे ने पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर पूरी साजिश तैयार की थी। आरोप है कि वाघमारे ने ऐसे छात्रों को इकट्ठा किया जो NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
इसके बाद पुणे स्थित घर में कथित तौर पर “स्पेशल क्लासेस” चलाई गईं। इन क्लासेस में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के संभावित सवाल बताए गए, नोटबुक में लिखवाए गए और किताबों में विशेष हिस्सों को मार्क कराया गया।
जब 3 मई को NEET-UG परीक्षा हुई तो कई छात्रों ने पाया कि उन्हीं सवालों से जुड़े प्रश्न परीक्षा में पूछे गए थे। जांच एजेंसी का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए छात्रों से लाखों रुपये वसूले गए।
हाथ से लिखे नोट्स भी किए गए नष्ट
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, केमिस्ट्री से जुड़े हाथ से लिखे सवालों को भी परीक्षा के बाद खत्म कर दिया गया था ताकि किसी तरह का सबूत न बचे। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या पेपर लीक का यह नेटवर्क सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित था या फिर इसमें परीक्षा प्रणाली से जुड़े और लोग भी शामिल थे।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक की खबर ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। लाखों छात्र हर साल इस परीक्षा की तैयारी में वर्षों की मेहनत लगाते हैं। ऐसे में परीक्षा से पहले सवाल लीक होने के आरोप शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सीबीआई अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
Written By: Anushri Yadav



