
UP News : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने देशभर में विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था की नई पहचान बनाई है। गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद यूपी में जो बदलाव आया है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण बन गया है।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की चर्चा केवल आबादी को लेकर होती थी, लेकिन अब राज्य निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और रोजगार के लिए जाना जाता है। कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और यूपी देश का पसंदीदा निवेश गंतव्य बनकर उभरा है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे हर विषय को गहराई से समझकर निर्णय लेते हैं। उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में यूपी की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इंडियन ऑयल देगा 60 करोड़ का सहयोग
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में इंडियन ऑयल की ओर से 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम केवल खेल परिसर नहीं होगा, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला केंद्र बनेगा।
पूर्वांचल में तैयार होंगे विराट और रोहित जैसे खिलाड़ी
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री Kamlesh Paswan ने कहा कि गोरखपुर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूर्वांचल के युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां से विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी निकलेंगे। साथ ही वर्ष 2029 तक यहां आईपीएल मैच आयोजित होने की संभावना भी जताई।
खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिल रही नई रफ्तार
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री Girish Chandra Yadav ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में खेल क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। ग्राम पंचायतों में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं।
रोजगार और विकास के नए अवसर खुलेंगे
गोरखपुर से सांसद Ravi Kishan ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने से गोरखपुर में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार कथनी और करनी में अंतर नहीं रखती और मुख्यमंत्री योगी जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं।



