Lucknow News : ‘आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक’, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले

Lucknow News : उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी होना जरूरी है। कानपुर के छात्रों ने विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण कर संसदीय प्रक्रिया को समझा।

Lucknow News : सतीश महाना ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कानपुर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव भी मिलना चाहिए।

इस शैक्षिक भ्रमण में विवेकानंद विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, अशोका एजुकेशन सेंटर और पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ विधानसभा की कार्यवाही को नजदीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों ने सदन की व्यवस्था, प्रश्नकाल, विधायी प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सतीश महाना ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है और प्रदेश के विकास के लिए कानून बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जागरूकता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर अध्ययन के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की ऐतिहासिक और प्रशासनिक विशेषताओं को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका विधानसभा अध्यक्ष ने सरल और प्रेरणादायी ढंग से उत्तर दिया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button