
IMD Monsoon Update 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है, क्योंकि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले भारत में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 26 मई को केरल पहुंच सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल में प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके चार दिन पहले आने की संभावना जताई गई है। हालांकि IMD ने तारीख में चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी बताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में मानसून बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच जाएगा। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश शुरू हो गई है।
IMD ने तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
उत्तर भारत में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई है। कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि समय से पहले मानसून आने से किसानों और कृषि क्षेत्र को बड़ा फायदा मिल सकता है।



