
NEET-UG 2026: देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस का माहौल बन गया है।
NTA के अनुसार, परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से लीक होने के सबूत मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि NTA इस मामले में “जीरो टॉलरेंस पॉलिसी” पर काम कर रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 7 मई की रात एक व्हिसलब्लोअर ने एजेंसी को सूचना दी थी कि WhatsApp पर ऐसे सवाल शेयर किए गए हैं, जो NEET-UG के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। इसके बाद NTA ने आंतरिक जांच शुरू की, जिसमें कई सवालों का मिलान आधिकारिक पेपर से होने की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि लीक से जुड़े PDF फाइल्स परीक्षा से पहले यानी 1 और 2 मई को ही कई मोबाइल फोन में मौजूद थे, जबकि परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। इन तथ्यों के सामने आने के बाद NTA ने मामले को गंभीर मानते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।
NEET-UG 2026; Also read- Scam-3-सहारा कांड पर आधारित होगी ‘स्कैम 3’
एजेंसी ने पूरे मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। NTA ने साफ कहा है कि पेपर लीक में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच छात्रों को राहत देते हुए NTA ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीख अगले 7 से 10 दिनों के भीतर घोषित की जा सकती है। माना जा रहा है कि री-एग्जाम 22 मई 2026 से पहले आयोजित किया जा सकता है।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को कुछ राहत मिली है।
हालांकि, परीक्षा रद्द होने के बाद अब छात्रों के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। नई परीक्षा तिथि, मेडिकल एडमिशन की प्रक्रिया, काउंसलिंग शेड्यूल और पूरे अकादमिक कैलेंडर पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
लाखों छात्रों ने लंबे समय तक मेहनत करके इस परीक्षा की तैयारी की थी, ऐसे में इस घटनाक्रम ने उनकी मानसिक स्थिति पर भी असर डाला है। अब सभी की नजर NTA की अगली घोषणा और CBI जांच पर टिकी हुई है।
NEET-UG 2026 विवाद ने एक बार फिर देश की प्रमुख परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि एजेंसी किस तरह निष्पक्ष और भरोसेमंद तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित करती है और छात्रों का विश्वास बहाल कर पाती है।



