
UP Board Result 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (Uttar Pradesh Madhyamik Shiksha Parishad) के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की कॉपियों की जांच का काम पूरा हो चुका है। अब करीब 52 लाख छात्रों की नजरें रिजल्ट की घोषणा पर टिकी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। लगभग 3 करोड़ कॉपियों की जांच का बड़ा कार्य रिकॉर्ड समय में 4 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया। अब बोर्ड की ओर से स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों के इंटरनल असेसमेंट के अंक 6 और 7 अप्रैल तक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर दें।
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए मिला अंतिम मौका
जो छात्र किसी कारणवश इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें बोर्ड ने एक और अवसर दिया है। ऐसे छात्र 9 और 10 अप्रैल को अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा पूरी कर सकते हैं। इसके बाद बोर्ड रिजल्ट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
कब जारी हो सकता है रिजल्ट
बोर्ड की तैयारियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि UP Board Result 2026 की घोषणा 20 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच कभी भी की जा सकती है। हालांकि, आधिकारिक तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट UPMSP पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए छात्रों को वेबसाइट पर जाकर कक्षा 10वीं या 12वीं के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा, रोल नंबर दर्ज करना होगा और परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्र अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा छात्र SMS और DigiLocker के माध्यम से भी अपना परिणाम देख सकेंगे।
Written By: Kalpana Pandey



