Ant Control Tips: घर और किचन में बार-बार आ जाती हैं चींटियां? ये घरेलू नुस्खे करेंगे तुरंत असर

गर्मियों में बढ़ जाती हैं चींटियों की परेशानी, लेकिन अब समाधान आपके किचन में ही मौजूद है। जानिए ऐसे आसान घरेलू उपाय, जो मिनटों में चींटियों को दूर कर सकते हैं।

Ant Control Tips: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही घरों में सबसे आम परेशानी बन जाती हैं चींटियां। खासकर किचन में चीनी का डिब्बा हो या स्लैब पर गिरा थोड़ा सा खाना, देखते ही देखते वहां चींटियों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार ये खाने की चीजों में घुस जाती हैं, जिससे खाना खराब हो जाता है और परेशानी बढ़ जाती है।

ऐसे में बाजार में मिलने वाले केमिकल स्प्रे का इस्तेमाल हर बार सुरक्षित नहीं माना जाता, क्योंकि इनमें मौजूद रसायन खाने के जरिए शरीर में पहुंचकर सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, अच्छी बात यह है कि किचन में ही मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से आप चींटियों को आसानी से घर से दूर कर सकते हैं।

सिरका (Vinegar) चींटियों को भगाने का सबसे आसान उपाय माना जाता है। चींटियों को इसकी तेज गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाकर उन जगहों पर छिड़काव करें, जहां चींटियां नजर आती हैं। पोंछा लगाते समय पानी में थोड़ा सिरका मिलाना भी असरदार हो सकता है।

इसके अलावा काली मिर्च भी चींटियों को दूर रखने में मददगार है। जहां चींटियों का झुंड दिखाई दे, वहां थोड़ा काली मिर्च पाउडर छिड़क दें। इसकी तीखी गंध चींटियों को वहां से दूर कर देती है। हालांकि, अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो इसका इस्तेमाल सावधानी से करें।

Also Read: IPL 2026: CSK की लगातार हार का कारण क्या? 14.20 करोड़ के खिलाड़ी पर उठे सवाल

दालचीनी और नींबू का रस भी बेहद असरदार घरेलू उपाय माने जाते हैं। जिस जगह से चींटियां घर में प्रवेश करती हैं, वहां दालचीनी पाउडर या नींबू का रस डालने से उनकी रास्ता पहचानने की क्षमता कमजोर हो जाती है। नींबू के छिलकों को अलमारी या दरवाजों के पास रखने से भी चींटियां किचन से दूर रहती हैं।

इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर आप बिना केमिकल के इस्तेमाल के किचन और घर को चींटियों से सुरक्षित रख सकते हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button