
Ganderbal Encounter : जम्मू-कश्मीर के Ganderbal जिले में हुए एक एनकाउंटर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अरहामा इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन में एक व्यक्ति के मारे जाने के बाद अब इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि मारा गया शख्स एक स्थानीय आतंकी था, जबकि परिवार का कहना है कि वह निर्दोष नागरिक था। मृतक की पहचान राशिद अहमद मुगल (29) के रूप में हुई है, जो लार गांव का रहने वाला था और कंप्यूटर ऑपरेटर व मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
मामले ने राजनीतिक तूल तब पकड़ा जब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah और पीडीपी प्रमुख Mehbooba Mufti ने इस एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विवाद बढ़ने के बाद उपराज्यपाल Manoj Sinha ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए।
परिवार का आरोप है कि राशिद का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं था और उसे गलत तरीके से फंसाया गया। वहीं, सुरक्षाबलों का कहना है कि उन्हें खुफिया इनपुट मिला था, जिसके आधार पर ऑपरेशन चलाया गया।
अब स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह एनकाउंटर सही था या फिर कोई बड़ी चूक हुई है। आने वाली जांच रिपोर्ट से ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।



