PM Modi Gujarat Visit : पीएम मोदी ने गुजरात को दी 20 हजार करोड़ रुपये की सौगात

PM Modi Gujarat Visit : पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात में 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कांग्रेस पर अफवाह फैलाने का आरोप, साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट और एक्सप्रेसवे का लोकार्पण।

PM Modi Gujarat Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वाव-थराड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ऊर्जा संकट, देश की अर्थव्यवस्था और विपक्ष पर तीखे बयान भी दिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया इस समय ऊर्जा संकट से जूझ रही है, लेकिन भारत ने परिस्थितियों को नियंत्रण में बनाए रखा है। उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। मोदी ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर भीड़ जुटाकर व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश की जा रही है, हालांकि सरकार स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए है।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने साणंद में केयन्स सेमीकॉन के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (OSAT) प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान ही भारत ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में वैश्विक हब बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। इस प्लांट में एडवांस्ड इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल बनाए जाएंगे, जिनका उपयोग ऑटोमोबाइल और औद्योगिक उपकरणों में होता है।

बताया गया कि प्लांट की उत्पादन क्षमता सभी चरण पूरे होने के बाद प्रतिदिन 6.33 मिलियन यूनिट तक पहुंच जाएगी। यह देश की दूसरी सेमीकंडक्टर यूनिट है, इससे पहले Micron Technology ने भी गुजरात में अपना प्लांट स्थापित किया था।

वाव-थराड कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शहरी-ग्रामीण विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 5100 करोड़ रुपये की लागत से बने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन भी शामिल है। साथ ही इदार-बडोली बाइपास और एनएच-754 के विभिन्न सेक्शन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

सम्राट संप्रति म्यूजियम का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने गांधीनगर में ‘सम्राट संप्रति म्यूजियम’ का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जैन धर्म और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को रेखांकित किया। संग्रहालय में 2000 से अधिक दुर्लभ वस्तुएं प्रदर्शित हैं, जिनमें प्राचीन मूर्तियां, पांडुलिपियां, सिक्के और कलाकृतियां शामिल हैं।

महावीर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के वैश्विक अशांति के दौर में भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांत पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button