
West Bengal election 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा हमला बोला है।
रविवार को पुरुलिया में आयोजित एक चुनावी रैली में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अगर भारतीय जनता पार्टी राज्य में सत्ता में आती है, तो लोगों की खान-पान की स्वतंत्रता पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, “BJP-शासित राज्यों में मछली नहीं खाई जाती। अगर BJP यहां आई, तो आप मांस या अंडे नहीं खा पाएंगे।”
बीजेपी पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप
ममता बनर्जी ने BJP पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करती है। उन्होंने दावा किया कि BJP-शासित राज्यों में दंगे भड़काए जाते हैं और हिंसा के जरिए राजनीतिक फायदा उठाया जाता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अन्य राज्यों में बंगाली भाषी लोगों पर हमले हो रहे हैं। ममता ने कहा, “हम किसी पर अत्याचार नहीं करते, लेकिन हमारे लोगों को निशाना बनाया जाता है।”
दो चरणों में होगा मतदान
चुनाव कार्यक्रम की बात करें तो पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में होगा। पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
राज्य में चुनावी माहौल के बीच नेताओं के तीखे बयान आने का सिलसिला लगातार जारी है।



