
Mahakal Mandir Ujjain: मध्य प्रदेश के Ujjain स्थित प्रसिद्ध Mahakaleshwar Jyotirlinga Temple में रंग पंचमी के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
रंग पंचमी के दिन महाकाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य आयोजन किया गया। सुबह तड़के करीब 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए और परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। इसके बाद बाबा महाकाल को केसरिया जल और हर्बल गुलाल अर्पित कर रंग पंचमी का पर्व मनाया गया। भस्म आरती के दौरान भी विशेष अनुष्ठान किए गए, जिसमें भक्तों ने अपने आराध्य को गुलाल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर बाबा महाकाल का आकर्षक और दिव्य शृंगार किया गया। माथे पर चंद्रमा, बेलपत्र और सूर्य के प्रतीक सजाए गए, वहीं भांग और सूखे मेवों से भी विशेष सजावट की गई। मंदिर के पुजारियों के अनुसार रंग पंचमी पर महाकाल के साथ गुलाल खेलने की परंपरा काफी प्राचीन है और हर साल इसे पूरे श्रद्धा भाव के साथ निभाया जाता है।
Also Read: Pratapgarh: विश्वनाथगंज में होली मिलन समारोह का आयोजन, विधायक डॉ. आर.के. वर्मा ने दी शुभकामनाएं
भक्तों के लिए यह अवसर बेहद खास माना जाता है, क्योंकि इस दिन वे अपने आराध्य के साथ प्रतीकात्मक रूप से होली खेलते हैं। सुबह से ही दूर-दूर से आए श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
शाम के समय शहर में पारंपरिक गेर जुलूस भी निकाला जाएगा। इस जुलूस में भक्त भगवा ध्वज लेकर शामिल होते हैं और रंगों की बौछार के बीच भक्ति और उत्साह के साथ यात्रा निकालते हैं। माना जाता है कि यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है और यह विजय, उत्साह और आस्था का प्रतीक है।
Written By: Kalpana Pandey



