राजपाल यादव को नहीं मिली जमानत, दिल्ली हाईकोर्ट में 16 फरवरी को होगी अगली सुनवाई

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से फिलहाल जमानत नहीं मिली। कोर्ट ने सुनवाई 16 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी है। जानिए पूरा मामला।

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को फिलहाल राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी को की जाएगी।

सुनवाई के दौरान अभिनेता के वकील ने अदालत को बताया कि उन्होंने अपने मुवक्किल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक उनसे बातचीत नहीं हो सकी है। वकील ने कोर्ट को जानकारी दी कि जमानत याचिका दाखिल कर दी गई है और दूसरे पक्ष को जवाब दाखिल करने के लिए समय देने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही मामले की सुनवाई सोमवार तक टालने की मांग भी की गई।

अभिनेता के वकील ने कहा कि वे आगे की दलीलों के साथ अगली सुनवाई में अदालत के समक्ष उपस्थित होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजपाल यादव ने कभी भी पांच करोड़ रुपये की इन्वेस्टमेंट राशि के भुगतान से इनकार नहीं किया है। जेल में जाकर अभिनेता से मुलाकात के बाद भुगतान को लेकर आवश्यक निर्देश प्राप्त किए जाएंगे।

इस दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, “हमें आपसे सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून अपने स्थान पर है। आपने कोर्ट के आदेश के बावजूद समय पर सरेंडर नहीं किया। दोबारा आदेश मिलने के बाद ही आपने आत्मसमर्पण किया।”

गौरतलब है कि राजपाल यादव के वकील ने अभिनेता के बड़े भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत की मांग की थी। वकील ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि बची हुई राशि जमा कराने के लिए वे तैयार हैं और इस मामले में बॉलीवुड इंडस्ट्री समेत अन्य लोगों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है।

Show More

Related Articles

Back to top button