Pratapgarh News-भयहरणनाथ धाम में 26वें महाकाल महोत्सव की शुरुआत 14 फरवरी से, चार दिन चलेंगे धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम

Pratapgarh News-प्रतापगढ़ जिले के पांडव कालीन प्रसिद्ध भयहरणनाथ धाम में 26वें महाकाल महोत्सव का शुभारंभ 14 फरवरी को सत्य सनातन धर्म सम्मेलन के साथ होगा। इस अवसर पर शंखनाद के साथ विधिवत कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। सम्मेलन में सिद्ध संतों और सनातन विद्वानों द्वारा धर्म और संस्कृति पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि 14 फरवरी को आयोजित सत्य सनातन धर्म सम्मेलन में आचार्य देवब्रत जी महाराज, आचार्य अतुल जी महाराज, भागवत भूषण विजयकान्त तिवारी जी महाराज, सिद्ध संत मनोज ब्रह्मचारी जी, योगी दुर्गेश जी महाराज, जंगल बाबा जी, सनातन हितकारिणी न्यास के अध्यक्ष ठाकुर प्रकाश सिंह एवं प्रोफेसर विमला व्यास को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के संयोजन अध्यक्ष राजकुमार शुक्ल, संरक्षक देवी प्रसाद मिश्र तथा कथा व्यास धीरेन्द्र शुक्ल होंगे। इसी दिन शाम छह बजे से सामूहिक सुंदरकांड पाठ और भजन-सत्संग का आयोजन भी किया जाएगा।

15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सुबह से ही जलाभिषेक और दर्शन की सुचारू व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। मेला व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। रात्रि में पुजारी भोलानाथ तिवारी के मार्गदर्शन में मुख्य मंदिर में पारंपरिक विशेष पूजन क्षेत्रीय समाज की सहभागिता से संपन्न होगा।

16 फरवरी को दोपहर 12 बजे से अंतरजनपदीय पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट, प्रेस क्लब प्रतापगढ़ और भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में होगा। सम्मेलन का संयोजन वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रांतीय महासचिव अजय पाण्डेय करेंगे। इसमें राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर के कई वरिष्ठ पत्रकार और पदाधिकारी शामिल होंगे।

17 फरवरी को दोपहर 12 बजे से राज्य महिला आयोग द्वारा चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसी दिन जनकवि प्रकाश की अध्यक्षता और डॉ. अशोक अग्रहरि के संयोजन में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसके साथ महोत्सव और मेले का समापन किया जाएगा।

महोत्सव के सफल आयोजन के लिए लालजी सिंह, बबन सिंह, राजीव नयन मिश्र, उमाकांत पाण्डेय, पी.बी. सिंह, राज किशोर मिश्र और नीरज मिश्र सहित संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Pratapgarh News-Read Also-UP Budget Session : बॉटलनेक से ब्रेक-थ्रू स्टेट बना उत्तर प्रदेश, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

Show More

Related Articles

Back to top button