
हरिद्वार/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में रामभक्तों का अपमान किया जाता था, उन पर गोलियां चलाई जाती थीं। यह केवल रामभक्तों का नहीं, बल्कि भारत की विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों का अपमान था। इसी कारण प्रदेश अराजकता, दंगों और लूट का केंद्र बन गया था।
सीएम योगी शुक्रवार को हरिद्वार में आयोजित स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की श्री विग्रह मूर्ति स्थापना समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार ने विरासत का सम्मान किया, तब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई। आज उत्तर प्रदेश में न दंगा है, न कर्फ्यू, न गुंडागर्दी। दंगा और दंगाई – दोनों गायब हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले न बेटी सुरक्षित थी और न व्यापारी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में बेटियां भी सुरक्षित हैं और व्यापारी भी निर्भय होकर कारोबार कर रहे हैं। प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
आश्रम पद्धति से मिला प्रशासन का वास्तविक ज्ञान
सीएम योगी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि बिना प्रशासनिक अनुभव के वे उत्तर प्रदेश कैसे चला रहे हैं। इस पर वे कहते हैं कि आश्रम व्यवस्था ही प्रशासन और प्रबंधन का वास्तविक विद्यालय है।
उन्होंने कहा कि एमबीए की असली शिक्षा भारतीय आश्रम और गुरुकुल परंपरा में मिलती है, जहां प्रशासन, कृषि, आयुर्वेद, खगोल विज्ञान और शिल्प का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाता है।
माघ मेले में 21 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
मुख्यमंत्री ने बताया कि माघ मेले में अब तक 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं। अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और हरिद्वार जैसे तीर्थ आज केवल धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना के केंद्र बन चुके हैं।
भारत ऋषि परंपरा की तपस्या से बना राष्ट्र
सीएम योगी ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि ऋषि परंपरा की तपस्या से निर्मित राष्ट्र है। उन्होंने बताया कि इतिहास में भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी 44 प्रतिशत तक रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत फिर से दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना रहा है।
संत समाज ने बताया ‘उत्तर प्रदेश का शेर’
समारोह में संत समाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘उत्तर प्रदेश का शेर’ बताया। जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी के नेतृत्व में भारत फिर से अपने वैभव की ओर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य संत और नेता उपस्थित रहे।



