
ADR Report: लोकसभा सांसदों की संपत्ति को लेकर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताज़ा रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में वर्ष 2014 से 2024 के बीच दोबारा चुने गए सांसदों की आय और संपत्ति में हुए बदलावों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी के आंकड़े सामने आए हैं।
ADR और नेशनल इलेक्शन वॉच ने लोकसभा चुनाव 2014, 2019 और 2024 में लगातार निर्वाचित हुए 102 सांसदों के शपथपत्रों का अध्ययन किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संपत्ति में 82% की बढ़ोतरी
ADR रिपोर्ट के अनुसार, 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुल संपत्ति 16.59 करोड़ रुपये से अधिक थी। 2019 में यह बढ़कर 25.13 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। 2024 में पीएम मोदी की संपत्ति 30.20 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गई। इस तरह 2014 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री की संपत्ति में करीब 82 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
राहुल गांधी की संपत्ति में 117% का इजाफा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संपत्ति में भी इस अवधि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। 2014 में राहुल गांधी की संपत्ति 9.40 करोड़ रुपये से अधिक थी। 2019 में यह बढ़कर 15.88 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। 2024 में उनकी कुल संपत्ति 20.39 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। ADR रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी की संपत्ति में 117 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
उदयनराजे भोंसले की संपत्ति में सबसे तेज़ उछाल
रिपोर्ट में जिन सांसदों की संपत्ति में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई, उनमें महाराष्ट्र के सतारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोंसले शीर्ष पर हैं। 2014 में उनकी संपत्ति 60 करोड़ रुपये से अधिक थी। 2019 में यह बढ़कर 199 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। 2024 में उनकी संपत्ति 224 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गई।
पूनमबेन, हेमा मालिनी और शत्रुघन सिन्हा की संपत्ति भी बढ़ी
जामनगर (गुजरात) से भाजपा सांसद पूनमबेन की संपत्ति में 747 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। 2014 में 17 करोड़, 2019 में 42 करोड़ और 2024 में 147 करोड़ हो गई है।
हेमा मालिनी की संपत्ति 2014 में 178 करोड़ और 2024 में 278 करोड़ यानि करीब 100 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। टीएमसी सांसद शत्रुघन सिन्हा की सम्पत्ति 2014 में 131 करोड़ और 2024 में 210 करोड़ रुपये हो गई है।
यह भी पढ़ें – निर्यात तैयारी सूचकांक-2024 में उत्तर प्रदेश की बड़ी छलांग, देश में चौथे स्थान पर पहुंचा यूपी
इसके अलावा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की संपत्ति में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।



