Lucknow News : सफाई व्यवस्था पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, दो एजेंसियों पर जुर्माना

Lucknow News : लखनऊ नगर निगम ने जोन 5 और जोन 1 में औचक निरीक्षण कर सफाई एजेंसियों पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया। कई गंभीर खामियाँ मिलीं, तत्काल सुधार के निर्देश।

Lucknow News : लखनऊ में नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर आज दो जोनों (जोन 5 और जोन 1) में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। अपर नगर आयुक्तों की अलग-अलग टीमों ने मौके पर जाकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग और नाली सफाई की वास्तविक स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान दोनों जोनों में कई खामियाँ सामने आईं, जिसके बाद नगर निगम ने दो सफाई एजेंसियों पर कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

ओम नगर वार्ड में सफाई की हालत बेहद खराब मिली। न डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन समय पर हो रहा था, न ही रोड स्वीपिंग पूरी थी। नालियाँ गंदगी से भरी मिलीं और खाली प्लॉटों में कचरा पड़ा था। सफाई कर्मी वर्दी में भी नहीं मिले। इन लापरवाहियों पर लॉयन एनवायरो कंपनी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

राजा राम मोहन राय मॉडल वार्ड में मुख्य सड़कों पर GVP पॉइंट पर कचरा जमा मिला। कई लोग खुले में कचरा फेंकते दिखे। लगभग छह हजार परिवारों वाले वार्ड में सिर्फ नौ वाहन ही कलेक्शन के लिए उपलब्ध मिले। 62 अपार्टमेंट्स में से सिर्फ आधे में ही डोर-टू-डोर कचरा उठ रहा था। इन खामियों को देखते हुए लखनऊ स्वच्छता अभियान संस्था पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

डोर-टू-डोर कलेक्शन के वाहन बढ़ाए जाएँ

नगर निगम ने साफ निर्देश दिए हैं कि डोर-टू-डोर कलेक्शन के वाहन बढ़ाए जाएँ, अपार्टमेंट्स में कचरा उठान 100% किया जाए और रोजाना डिजिटल रिपोर्ट अपडेट हो। नगर निगम ने चेतावनी भी दी है कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में अन्य जोनों का भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button