
Pratapgarh News- राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कॉलेज परिसर में मंगलवार को भव्य सद्भावना सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने प्रमोद तिवारी को “विकास, सेवा और विधायी मर्यादा का प्रेरणास्रोत” बताते हुए उनके जनप्रतिनिधि स्वरूप को देश के लिए गौरव बताया।
सभा की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। कार्यक्रम में प्रमोद तिवारी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ विशेष केक काटा गया तथा पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई।
“सुनहरा विकास: प्रमोद जी का चमकता रामपुर खास” पुस्तिका का विमोचन
सभा में वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल द्वारा लिखित प्रमोद तिवारी के विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा—
“राज्यसभा में प्रमोद तिवारी का पीठासीन होना लोकतंत्र की मर्यादा को और सशक्त करता है। उन्होंने राजनीति में मर्यादा व संवैधानिक गरिमा का पालन करते हुए जो सेवा की है, वह युवा नेताओं के लिए मार्गदर्शक है।”
पौधरोपण और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में आराधना मिश्रा मोना के निर्देशन में पौधरोपण का शुभारंभ हुआ। सांसद उज्ज्वल रमण सिंह व अतिथियों ने आम, नीम, पाकड़, जामुन व महुआ के पौधे रोपे।
सारस्वत सम्मान के रूप में सांसद को प्रतीक चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवती प्रसाद तिवारी ने की और संचालन विकास मिश्र ने किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में लोकगायक श्रीकांत, प्रेमचंद्र, प्राची शुक्ला और अमर बेदर्दी ने विनय शुक्ला के निर्देशन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सोहर गीतों पर महिला कार्यकर्ता भी झूमती नजर आईं।
सामाजिक योगदान के लिए सम्मान
इस अवसर पर हरिकेश त्रिपाठी, मुकुंद तिवारी, डॉ. पूर्णिमा मिश्रा, डॉ. लालजी त्रिपाठी, फुजैल हाशमी समेत कई विशिष्टजनों को सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रमोद तिवारी के जन्मदिवस पर आज के मुख्य आयोजन (16 जुलाई):
-
सुबह 8 बजे: कैंप कार्यालय पर हवन-पूजन
-
9 बजे: अस्पतालों में फल वितरण
-
बाबा घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक
-
सायं 5 बजे: सामूहिक संगीतमयी सुंदरकांड पाठ
संबंधित व्यक्तित्व व प्रतिनिधित्व:
प्रमुख उपस्थितजन:
डॉ. ऋचा कुमार, संतोष द्विवेदी, डॉ. लालजी त्रिपाठी, डॉ. प्रशांतदेव शुक्ल, इं. सुनील पाण्डेय, डॉ. नागेन्द्र अनुज, प्रकाशचंद्र मिश्र, हरिकेश मिश्र, राकेश चतुर्वेदी, रवीन्द्र मिश्र, अनिल त्रिपाठी महेश, संतोष पाण्डेय, कुंवर ज्ञानेन्द्र सिंह आदि।
रिपोर्ट-उमेश पाण्डेय