मुंबई : ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह में तेज धूप के चलते 11 लोगों की मौत

मुंबई। नवी मुंबई के खारघर क्षेत्र में रविवार को ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। लेकिन इस समारोह में शामिल हुए 11 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। दरअसल, खुले मैदान में आयोजित कार्यक्रम में तेज धूप ने 11 लोगों की जान ले ली। अस्पताल में कम से कम 50 लोगों को भर्ती कराया गया।

नवी मुंबई के एक अस्पताल में मरीजों से मुलाक़ात करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिंदे ने बताया कि अस्पताल में कम से कम 50 लोगों को भर्ती कराया गया था, जिनमें से 24 अभी भी भर्ती हैं जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने इन मौतों को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाएगा।

बता दें कि घटनास्थल के निकटतम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। समारोह में 20 लाख से अधिक लोगों के लिए इंतजाम किया गया था। हालांकि आम जनता के बैठने की व्यवस्था खुले में की गई थी और कोई शेड नहीं था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button