
Prayagraj प्रखर ट्रेड यूनियन नेता स्व. टी.पी. मिश्र की 87वीं जयंती के अवसर पर हिंदुस्तानी एकेडमी सभागार में ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। त्रिवेणी सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न ट्रेड यूनियन नेताओं, बुद्धिजीवियों, परिजनों और सहयोगियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों और मेधावी विद्यार्थियों को ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सामाजिक सक्रियता के लिए नसीम अंसारी, ट्रेड यूनियन नेतृत्व के लिए आर.एन. यादव तथा विशिष्ट सामाजिक योगदान हेतु आनंद मालवीय को सम्मान मिला। वहीं छात्र वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर साक्षी दुबे और दिव्यांश पाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता कॉमरेड हरिश्चंद्र द्विवेदी ने की, जबकि मंच संचालन प्रतिभा मिश्र ने किया। गोष्ठी का विषय प्रवर्तन प्रबुद्ध मिश्र ने प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने स्व. टी.पी. मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाला जननायक बताया।
उन्होंने कहा कि मिश्र ने अपना पूरा जीवन संगठन और श्रमिक हितों की लड़ाई को समर्पित किया। इस दौरान वर्तमान श्रमिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई, जिसमें न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता है। समारोह में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न कर्मचारी संगठनों, बैंक यूनियन, रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन और डाक विभाग से जुड़े सैकड़ों प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्रद्धांजलि सभा में स्व. मिश्र के परिवारजन भी मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी



