
Yash Ramayanam Event: फिल्म ‘रामायणम्’ के भव्य लॉन्च इवेंट में कन्नड़ सुपरस्टार यश ने हिंदी में बोलने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान उनसे एक छोटी-सी भाषाई गलती हो गई, जिसने मंच पर मौजूद कलाकारों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
यश, जो फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं, ने निर्माता नमित मल्होत्रा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें यह किरदार निभाने का “अवकाश” दिया। दरअसल, यहां उन्हें “अवसर” शब्द का इस्तेमाल करना था। उनकी यह बात सुनते ही मंच पर मौजूद रकुल प्रीत सिंह और रवि दुबे मुस्कुराने लगे।
‘सब हिंदी में बात कर रहे हैं, मैं भी कोशिश करूंगा’
अपने संबोधन की शुरुआत में यश ने कहा कि कार्यक्रम में सभी लोग हिंदी में बात कर रहे हैं, इसलिए वह भी हिंदी में बोलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि ‘रामायणम्’ की टीम के साथ काम करते हुए उन्हें हिंदी सीखने का भी अवसर मिला है।
‘रामायणम्’ को बताया भारत का सपना
यश ने फिल्म को भारतीय सिनेमा का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि पूरी टीम का एक ही उद्देश्य है—भगवान श्रीराम की कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना।
उन्होंने कहा कि सभी कलाकार और तकनीकी टीम अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए साथ आए हैं। यश ने निर्माता नमित मल्होत्रा की सोच और साहस की भी सराहना की।
भव्य रहा लॉन्च इवेंट
नई दिल्ली में आयोजित इस लॉन्च इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रकुल प्रीत सिंह, रवि दुबे, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा समेत फिल्म की पूरी प्रमुख टीम मौजूद रही। फिल्म के ट्रेलर और विजुअल प्रेजेंटेशन को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।



