
Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। IPL 2026 के फाइनल के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम दो हफ्ते आराम करने की सलाह दी है।
विराट की गैरमौजूदगी सिर्फ एक खिलाड़ी की कमी नहीं है, बल्कि टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम में एक बड़ा खालीपन भी है। पिछले कई वर्षों से नंबर-3 की जिम्मेदारी संभाल रहे कोहली की जगह भरना आसान नहीं होगा। ऐसे में अब सभी की नजर चयनकर्ताओं पर है कि आखिर उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलता है।
सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं देवदत्त पडिक्कल
अगर हालिया प्रदर्शन की बात करें तो देवदत्त पडिक्कल सबसे मजबूत दावेदार नजर आते हैं। IPL 2026 में उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और 430 रन बनाए।
सिर्फ IPL ही नहीं, घरेलू क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 725 रन बनाए, जबकि रणजी ट्रॉफी में 532 रन और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 309 रन उनके नाम रहे। लगातार रन बनाने की क्षमता और नंबर-3 पर खेलने का अनुभव उन्हें विराट की जगह का सबसे बड़ा उम्मीदवार बनाता है।
क्या तिलक वर्मा को मिल सकता है मौका?
तिलक वर्मा भी इस रेस में शामिल हैं। हालांकि IPL 2026 उनके लिए बहुत खास नहीं रहा, लेकिन उन्होंने पूरे सीजन में 359 रन बनाए और गुजरात के खिलाफ शानदार शतक भी लगाया।
तिलक की सबसे बड़ी ताकत उनकी तकनीक और मध्यक्रम में खेल को संभालने की क्षमता है। लेकिन एक चुनौती यह भी है कि उन्हें श्रीलंका में होने वाली इंडिया-ए ट्राई सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है। ऐसे में चयनकर्ताओं को फैसला लेना होगा कि उन्हें अफगानिस्तान सीरीज के लिए बुलाया जाए या नहीं।
ऋतुराज गायकवाड़ भी हो सकते हैं विकल्प
ऋतुराज गायकवाड़ का IPL सीजन औसत रहा, लेकिन उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है। उन्होंने भारत के लिए अपने आखिरी वनडे मैच में शतक लगाया था और घरेलू क्रिकेट में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं।
सीएसके के लिए वे कई बार नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं। यही वजह है कि चयनकर्ता उन्हें भी गंभीरता से देख सकते हैं।
ईशान किशन को मिल सकता है सीधा फायदा
एक दिलचस्प संभावना ईशान किशन की भी है। ईशान पहले से ही अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित स्क्वॉड का हिस्सा हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट किसी नए खिलाड़ी को बुलाने के बजाय स्क्वॉड में मौजूद ईशान को ही नंबर-3 पर आजमा सकता है।
ईशान आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक भी लगा चुके हैं। ऐसे में वे टीम इंडिया को एक अलग विकल्प दे सकते हैं।
संजू सैमसन और रजत पाटीदार भी चर्चा में
हालांकि मुख्य रेस पडिक्कल, तिलक और ऋतुराज के बीच मानी जा रही है, लेकिन संजू सैमसन और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में हैं।
संजू ने हाल के वर्षों में सीमित ओवर क्रिकेट में कई प्रभावशाली पारियां खेली हैं, जबकि रजत पाटीदार का घरेलू और IPL प्रदर्शन उन्हें चयनकर्ताओं की नजर में बनाए हुए है।
रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या पर भी सस्पेंस
विराट कोहली की चोट के बीच टीम इंडिया की चिंता यहीं खत्म नहीं होती। कप्तान रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर भी सवाल बने हुए हैं।
हार्दिक पंड्या ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट कर दी है और उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। वहीं रोहित शर्मा अभी तक वहां नहीं पहुंचे हैं, जिससे उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
अगर रोहित फिट नहीं होते हैं तो युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया जा सकता है।
Written By: Ekta Verma



