Virat Kohli News-विराट कोहली का संन्यास के बाद क्या है प्लान? क्रिकेट से जुड़े रहने की जताई इच्छा

Virat Kohli News – What are Virat Kohli's plans after retirement? He has expressed a desire to stay connected with cricket.

Virat Kohli News-भारतीय क्रिकेट के स्टार खिलाड़ी और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से लंदन में मुलाकात की। शुक्रवार को हुई इस मुलाकात में क्रिकेट के अलावा महाराष्ट्र में खेल सुविधाओं के विकास और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे ने विराट कोहली का स्वागत पारंपरिक शॉल और पुष्पगुच्छ देकर किया। वहीं, कोहली ने ब्रिटेन दौरे के दौरान शिंदे को मिले तीन महत्वपूर्ण पुरस्कारों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

खेल सुविधाओं को लेकर हुई चर्चा

बैठक के दौरान महाराष्ट्र में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों के बीच इस बात पर भी चर्चा हुई कि राज्य में ऐसी खेल प्रतिभाओं को किस तरह तैयार किया जाए, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबई के आसपास प्रस्तावित स्पोर्ट्स सिटी की योजना की जानकारी भी विराट कोहली को दी। इस परियोजना के तहत अलग-अलग खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

युवाओं की ट्रेनिंग में कोहली ने दिखाई दिलचस्पी

विराट कोहली ने ऐसी योजनाओं में रुचि दिखाई, जिनके माध्यम से बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ उच्च स्तर का खेल प्रशिक्षण मिल सके। बातचीत में फिटनेस, पोषण और संतुलित खान-पान को लेकर भी चर्चा हुई।

शिंदे ने केंद्र सरकार की खेल योजनाओं का जिक्र करते हुए ‘खेलो इंडिया’ अभियान की भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं को खेलों को करियर के तौर पर अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।

संन्यास के बाद भी क्रिकेट से जुड़े रहना चाहते हैं कोहली

मुलाकात के दौरान विराट कोहली ने अपने क्रिकेट करियर और भविष्य को लेकर भी विचार साझा किए। उन्होंने संकेत दिया कि सक्रिय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वह क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों से जुड़े रहना चाहते हैं।

कोहली ने युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और उन्हें पोषण एवं सही डाइट के बारे में मार्गदर्शन देने की इच्छा भी जाहिर की। इससे संकेत मिलता है कि क्रिकेट से उनका जुड़ाव मैदान से दूर रहने के बाद भी किसी न किसी रूप में जारी रह सकता है।

बैठक में युवा सेना के महासचिव राहुल कनाल समेत उपमुख्यमंत्री के कुछ वरिष्ठ सहयोगी भी मौजूद रहे। एकनाथ शिंदे नौ सितंबर से लंदन के दौरे पर हैं।

Read Also-Asia-Cup News-सेमीफाइनल में भारत का दबदबा, बांग्लादेश को 40 रन से हराया

Show More

Related Articles

Back to top button