Varanasi Air Show: ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में दिखे 100 विमान, पीएम मोदी ने नमो घाट पर किया रोड शो

Varanasi Air Show: भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना वर्ष पर वाराणसी में भव्य हवाई प्रदर्शन; महादेव, नटराज और रुद्र फॉर्मेशन से गूंजी काशी

Varanasi Air Show: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी रविवार को भारतीय वायु सेना (IAF) के अदम्य साहस और शौर्य की गवाह बनी। वायु सेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर वाराणसी के गंगा तट पर भव्य ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन किया गया। नमो घाट को केंद्र बनाकर आयोजित इस ऐतिहासिक शो में देश के 12 प्रमुख एयरबेस से उड़े राफेल, सुखोई-30MKI, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर, अपाचे और चिनूक सहित करीब 100 विमानों और हेलीकॉप्टरों ने आसमान में गर्जना करते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाए।

नमो घाट पहुंचे पीएम मोदी, जनता का जताया आभार

25 अक्टूबर को मुख्य समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन से चौकाघाट होते हुए नमो घाट के मार्ग पर प्रधानमंत्री ने भव्य रोड शो किया। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के दोनों ओर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जनसैलाब के अपार उत्साह को देखकर पीएम मोदी ने अपनी गाड़ी रुकवाई और बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए काशीवासियों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने नमो घाट से सैन्य अधिकारियों के साथ इस विहंगम हवाई प्रदर्शन का आनंद लिया।

18 सांस्कृतिक फॉर्मेशन से गूंजी काशी

इस एयर शो की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि सैन्य क्षमता के प्रदर्शन के साथ-साथ काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी आसमान में उकेरी गई। वायु सेना के जांबाज पायलटों ने गंगा के ऊपर उड़ते हुए महादेव, नटराज, कैलाश, विश्वनाथ, त्रिदेव, वरुणा, हनुमान, ओंकार, भागीरथी, काशी और रुद्र जैसे 18 विशेष फॉर्मेशन में उड़ान भरी। चेतक हेलीकॉप्टरों ने गंगा नदी के ऊपर पुष्पवर्षा की, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो गया।

सुरक्षा का कड़ा पहरा, 11,500 जवान मुस्तैद

करीब 50 लाख दर्शकों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, पूरे जिले को 30 जोन और 50 से अधिक सेक्टरों में विभाजित किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था में 11,500 से अधिक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गई।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button