
UP News:अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत उन्नाव आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 36.8 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
जिला आबकारी अधिकारी उन्नाव अनुराग मिश्रा के निर्देशन एवं आबकारी निरीक्षकों के नेतृत्व में 14 अगस्त को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 बीघापुर प्रतिभा सिंह ने थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में हमराह एवं स्थानीय पुलिस स्टाफ के साथ दबिश दी। यहां से 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी आबकारी विभाग ने अभियान जारी रखा। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 हसनगंज प्रतिभा सिंह तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 हसनगंज राजीव अग्रवाल ने हमराह एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ थाना हसनगंज क्षेत्र के ग्राम सोहरामऊ में दबिश देकर 14 पाउवा अवैध देशी शराब बरामद की।
वहीं तहसील बीघापुर के थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम केदारखेड़ा में भी दबिश देकर 22 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। दोनों स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया।



