
Unnao News- शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में आत्मीय और यादगार आयोजन किया। इस बार कार्यक्रम की खासियत यह रही कि इसकी तैयारियों की जिम्मेदारी बच्चों ने स्वयं संभाली। सुबह से ही विद्यार्थी विद्यालय को सजाने में जुटे रहे। गुब्बारों और अन्य आकर्षक सजावट से विद्यालय परिसर को संवारा गया, वहीं बच्चों ने केक की तैयारी भी अपने उत्साह से पूरी की।
समारोह के दौरान शिक्षिका रमनजीत कौर ने केक काटा। शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, इंद्रपाल एवं शिक्षिका रमनजीत कौर की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर अपने मन का सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
कार्यक्रम की तैयारियों में गौरव, अंशु, विशाल, अनिकेत, आयुष, सोनी, कृष्णा, सोनू और दीपाली सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में उपलब्धियां हासिल करने के लिए निरंतर सीखते रहना, मेहनत करना और स्वयं पर विश्वास रखना जरूरी है। उन्होंने बच्चों की पिछले वर्षों से अब तक की उपलब्धियों को उनकी मेहनत और लगन का परिणाम बताते हुए कहा कि इन सफलताओं में माता-पिता के निरंतर सहयोग और विश्वास की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बच्चों की इस पहल ने शिक्षक दिवस को महज एक आयोजन न बनाकर गुरु के प्रति कृतज्ञता और शिष्य के स्नेह का भावपूर्ण अवसर बना दिया।
Read Also-Unnao News-सेवा सप्ताह के समापन पर उमड़ा जनसैलाब, अजीत सिंह को किया नमन



