Under-19-Women-T20-अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी: उत्तराखंड ने बिहार को 71 रन से रौंदा

Under-19 Women's T20 Trophy: Uttarakhand routs Bihar by 71 runs.

Under-19-Women-T20-बीसीसीआई महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी एलीट मुकाबले में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 71 रन से हरा दिया। मुंबई के एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में शनिवार को खेले गए मैच में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 83 रन ही बना सकी।

उत्तराखंड की जीत में कप्तान करीना की 47 रन की आक्रामक पारी के साथ सोना, कनिका और विकेटकीपर बल्लेबाज सिद्रा का उपयोगी योगदान अहम रहा। गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए बिहार को बड़े लक्ष्य तक पहुंचने का मौका नहीं दिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। ऐसे समय में कप्तान करीना ने मोर्चा संभालते हुए 37 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 47 रन बनाए। उनकी पारी ने टीम को मजबूत स्कोर की ओर बढ़ाया।

कनिका ने भी तेजी से रन बटोरते हुए महज 11 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाए। सोना ने 32 गेंदों पर चार चौकों के सहारे नाबाद 31 रन की पारी खेली। वहीं, सिद्रा ने केवल 10 गेंदों में चार चौके लगाकर नाबाद 21 रन बनाए। तन्वी तोमर ने छह और धृति आनंद ने पांच रन का योगदान दिया। इस तरह उत्तराखंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बिहार की ओर से प्रतिभा साहनी ने दो विकेट लिए।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम उत्तराखंड की सधी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती रही। संतोषी ने 44 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाए, जबकि प्रतिभा साहनी 28 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे और बिहार की टीम छह विकेट पर 83 रन ही बना सकी।

उत्तराखंड की ओर से कनिका नेगी ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वैशाली तुलेरा ने चार ओवर में 15 रन खर्च कर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। तन्वी तोमर को एक विकेट मिला, जबकि धारा ने चार ओवर में महज 10 रन देकर किफायती गेंदबाजी की।

Read Also-Lucknow News-68,500 शिक्षक भर्ती: मंत्री डॉ. संजय निषाद के आवास पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, CM से वार्ता और संयुक्त बैठक का आश्वासन

Show More

Related Articles

Back to top button