
Entertainment Update: राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह 2026 कई भावुक पलों का गवाह बना। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को कला के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों ग्रहण किया।
इस दौरान हेमा मालिनी बेहद भावुक नजर आईं। अब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर उस पल को याद किया है।
“ऐसा लगा जैसे धरम जी मेरा हाथ पकड़कर मंच तक ले जा रहे हों”
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में लिखा,
“यह मेरे जीवन का बेहद खुशी और भावनाओं से भरा पल था। ऐसा लगा जैसे धरम जी मेरे साथ मौजूद हों और मेरा हाथ पकड़कर मुझे उस मंच तक ले जा रहे हों, जहां पद्म विभूषण पुरस्कार उनका इंतजार कर रहा था।”
उनकी इस भावुक बात ने फैंस को भी भावुक कर दिया।
यादों में खो गईं हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने बताया कि जब वह राष्ट्रपति भवन में धर्मेंद्र की ओर से पुरस्कार लेने के लिए बैठी थीं, तब उनके साथ बिताए वर्षों की तमाम यादें आंखों के सामने घूमने लगीं।
उन्होंने लिखा,
“पहले हम कई फिल्मों में को-स्टार रहे और बाद में जीवनसाथी बने। उन यादों ने मेरी आंखों में आंसू ला दिए।”
उन्होंने धर्मेंद्र को एक प्यार करने वाला पति, स्नेही पिता, दादा और नेक इंसान बताया।
अहाना देओल भी हुईं भावुक
समारोह के दौरान जैसे ही धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई, दर्शक दीर्घा में बैठीं उनकी बेटी अहाना देओल खुद को संभाल नहीं सकीं और भावुक होकर रोती नजर आईं। इसका वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है।
“ईश्वर का धन्यवाद करती हूं”
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा,
“मैं ईश्वर का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे इतना अद्भुत जीवनसाथी दिया, जिसकी यादें मैं जीवनभर संजोकर रखूंगी। यह सम्मान पूरे परिवार और धर्मेंद्र जी के लाखों चाहने वालों की ओर से मैंने विनम्रता के साथ स्वीकार किया।”
131 हस्तियों को मिलेगा पद्म सम्मान
बता दें कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। पहले चरण में कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया गया, जबकि बाकी पुरस्कार अगले चरण में दिए जाएंगे।



