
Sports Cricket- भारतीय स्पिन गेंदबाज श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना दबदबा बरकरार रखा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाली तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने गेंदबाजों की रैंकिंग में सुधार किया है।
भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रायपुर में खेले गए शुरुआती दो मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने दोनों मैचों में कुल तीन विकेट लेकर संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों में जगह बनाई। इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला और वह 26 स्थान की छलांग लगाकर 45वें पायदान पर पहुंच गईं।
क्रांति गौड़ भी नौ स्थान ऊपर चढ़कर 43वें स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ किफायती गेंदबाजी करते हुए क्रमशः पहला और दूसरा स्थान बरकरार रखा।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच ट्रांस-तस्मान श्रृंखला के पहले मुकाबले के बाद भी टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गईं। न्यूजीलैंड की जेस केर पांच स्थान के सुधार के साथ 17वें, ब्री इलिंग छह स्थान ऊपर चढ़कर 23वें और नेन्सी पटेल पांच स्थान की बढ़त के साथ 35वें पायदान पर पहुंच गईं।
टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन और जॉर्जिया प्लिमर को भी फायदा हुआ। ग्रीन तीन स्थान ऊपर चढ़कर 34वें और प्लिमर 13 स्थान की छलांग लगाकर 48वें स्थान पर पहुंच गईं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी बल्लेबाज बेथ मूनी दुनिया की नंबर एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज बनी हुई हैं।
एकदिवसीय रैंकिंग में भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को फायदा
बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला समाप्त होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी सुधार किया है। तेज गेंदबाज मेगन शट एक स्थान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गईं। एलिस पेरी बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ नौवें और हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में 14 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें पायदान पर पहुंच गईं।
एनाबेल सदरलैंड को भी एकदिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में चार स्थान का फायदा हुआ। श्रृंखला के अंतिम मुकाबले में नाबाद अर्धशतक लगाने के बाद वह 13वें स्थान पर पहुंच गईं। बांग्लादेश की शर्मिन अख्तर सुप्ता पांच स्थान ऊपर चढ़कर 25वें पायदान पर पहुंच गईं।
Read Also-Bollywood News Today-आदिनाथ कोठारे के निर्देशन में बनेगी प्राजक्ता माली की ‘गौरी’



