Shri Banke Bihari:श्रीबांकेबिहारी पहनेंगे लाखों रुपयों की पोशाक, चांदी की आरती से होगा स्वागत

Shri Banke Bihari: Shri Banke Bihari to wear an outfit worth lakhs of rupees; welcome to be marked by a silver aarti.

Shri Banke Bihari:श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को लेकर वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ठाकुरजी के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। मंदिर प्रबंधन और सेवायतों की ओर से दर्शन, पूजन और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।

दिल्ली के कारीगरों ने तैयार की नग-जड़ित पोशाक

जन्माष्टमी पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज विशेष पोशाक में भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर के सेवायत गौरव कृष्ण गोस्वामी के अनुसार, आगरा की एक फर्म के माध्यम से दिल्ली के कुशल कारीगरों से ठाकुरजी के लिए तीन विशेष पोशाकें तैयार कराई गई हैं।

पीले रंग की इन पोशाकों पर जरी, जरदोजी और नग-जड़ित कारीगरी की गई है। करीब एक दर्जन कारीगरों ने ढाई महीने की मेहनत के बाद इन पोशाकों को तैयार किया है। चार सितंबर की सुबह और सायंकालीन सेवा के साथ ही पांच सितंबर को होने वाले नंदोत्सव के दौरान ठाकुरजी इन विशेष पोशाकों को धारण करेंगे। इसके अलावा जोधपुर से विशेष धातु से तैयार किए गए कलात्मक खिलौने भी मंगाए गए हैं।

125 किलो दूध और 100 किलो दही से होगा महाभिषेक

जन्माष्टमी की रात 12 बजे ठाकुरजी का विशेष महाभिषेक किया जाएगा। साल में केवल दो बार होने वाले इस महाभिषेक का विधान करीब 20 मिनट तक चलेगा। इसके लिए 125 किलो दूध, 100 किलो दही, शुद्ध शहद, कश्मीर की केसर और उत्तराखंड की विशेष जड़ी-बूटियों की व्यवस्था की गई है।

महाभिषेक के लिए विशेष धातु का कलात्मक कलश भी मंगाया गया है। वहीं ठाकुरजी की मंगला आरती के लिए विशेष चांदी की आरती की व्यवस्था की गई है। अभिषेक के बाद ठाकुरजी का बाल स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान वे पीतांबर धारण कर सिर पर मोरपंख सजाए भक्तों को दर्शन देंगे।

आगरा से आएगा विशेष छप्पन भोग

कान्हा के जन्मोत्सव पर ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी आगरा के ब्रज रसायन ग्रुप को दी गई है। ग्रुप की ओर से मेवा से तैयार किए गए 56 प्रकार के विशेष पकवान, पाग और कतली तैयार कराई जा रही हैं, जिन्हें जन्माष्टमी के अवसर पर ठाकुरजी को अर्पित किया जाएगा।

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच कड़ी सुरक्षा

जन्माष्टमी पर मथुरा और वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। पूरे क्षेत्र को सुपर जोन और अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ के जवानों को भी लगाया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए भी सुरक्षा इंतजामों को और कड़ा किया गया है।

Read Also-Nepal Flood : नेपाल भारत, चीन और अमेरिका से क्यों मांग रहा बाढ़ का मुआवजा? UN में मुद्दा उठाएंगे बालेन शाह

Show More

Related Articles

Back to top button