S Jaishankar Meets Zanzibar President: जयशंकर ने जांजीबार के राष्ट्रपति से की मुलाकात, शिक्षा, AI और डिजिटल सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

भारत दौरे पर आए राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनी के साथ विदेश मंत्री ने कई अहम क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर किया विचार-विमर्श

S Jaishankar Meets Zanzibar President: संयुक्त गणराज्य तंजानिया के अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र जांजीबार के राष्ट्रपति एवं रिवोल्यूशनरी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. हुसैन अली म्विनी से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। चार दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर आए राष्ट्रपति म्विनी के साथ हुई यह बैठक दोनों पक्षों के ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने उच्च शिक्षा, क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग), जलापूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस मुलाकात को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि यह बातचीत दोनों देशों के साझा विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने में मददगार होगी।

डॉ. जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हमने उच्च शिक्षा, क्षमता निर्माण, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, एआई, डिजिटल और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। जांजीबार स्थित आईआईटी मद्रास का कैंपस हमारी करीबी साझेदारी और अफ्रीका की शिक्षा एवं विकास संबंधी प्राथमिकताओं के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता का शानदार उदाहरण है।”

President Controversy : ममता बनर्जी का पीएम मोदी पर पलटवार, पुरानी तस्वीर दिखाकर लगाया अपमान का आरोप

गौरतलब है कि राष्ट्रपति म्विनी अपनी भारत यात्रा के दौरान चेन्नई स्थित आईआईटी मद्रास के 63वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। उनका यह दौरा केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके व्यापक कूटनीतिक मायने भी हैं। यह यात्रा दर्शाती है कि भारत लगातार ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं, जैसे तकनीकी हस्तांतरण, डिजिटल समावेशन और कौशल विकास, को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरे की अहमियत बताते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “यह दौरा भारत-तंजानिया रणनीतिक साझेदारी में बढ़ती रफ्तार को दर्शाता है, जो लंबे समय से चले आ रहे लोगों के बीच संबंधों और ग्लोबल साउथ में साझेदार के रूप में हमारी साझा प्राथमिकताओं पर आधारित है।”

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Show More

Related Articles

Back to top button