
Punjab News : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी लेनदेन और निर्यात से जुड़े धन शोधन के आरोपों की जांच के तहत की गई। एजेंसी ने मंत्री से जुड़े दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ स्थित परिसरों पर छापेमारी भी की।
सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन की फर्जी खरीद और दुबई से भारत में अवैध धन की वापसी से जुड़े लेनदेन किए गए। कथित तौर पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट, जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का गलत लाभ लेने के लिए अस्तित्वहीन फर्मों के माध्यम से बिल तैयार किए गए। ईडी का कहना है कि हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
सीएम ने की कार्रवाई की आलोचना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा लगातार की जा रही जांच से राज्य सरकार के कामकाज पर असर पड़ रहा है।
संजीव अरोड़ा लंबे समय से व्यापार, एक्सपोर्ट और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं और कैंसर मरीजों की सहायता के लिए एक चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना कर चुके हैं।
ईडी की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई अदालत के समक्ष प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर होगी।



