
Pratapgarh Update: नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में बुधवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित छह दिवसीय प्राकृतिक उपचार शिविर का शुभारंभ हुआ। गायत्री चेतना केंद्र के तत्वावधान में प्रारंभ हुए इस शिविर में शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि के साथ प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
शिविर का शुभारंभ निदेशक आचार्य रामअवधेश मिश्र, वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल, हरिद्वार गायत्री परिवार के दिपांकर सिंह आत्रेय तथा आंवलखेड़ा से पधारे नंदू भइया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. वीरेश सिंह ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक उपचार के माध्यम से शरीर में मौजूद विषैले तत्वों को दूर करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। वहीं सह-संयोजिका प्रीति सिंह ने शरीर शुद्धि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के दौरान प्रशिक्षार्थियों को शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि के लिए विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संतुलित जीवन, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य रामअवधेश मिश्र ने की, जबकि संचालन शिक्षाविद रामेश्वर प्रसाद यादव ने किया।
इस अवसर पर राजीवनाथ पांडेय, अशोक मिश्र, मुनेश कुमार, जयवंती, इंद्रा सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



