
Pratapgarh News:विकास भवन स्थित सभागार में प्रेस क्लब प्रतापगढ़ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना निदेशक दयाराम यादव, वरिष्ठ पत्रकार जगत बहादुर सिंह और नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
समारोह में परियोजना निदेशक दयाराम यादव और विशिष्ट अतिथि ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष सत्येन्द्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष अजय यादव, महासचिव नवीन श्रीवास्तव, सचिव योगेन्द्र नारायण, संगठन मंत्री अब्दुल मुहीब, कोषाध्यक्ष अंशुमान सिंह और प्रेस प्रवक्ता आसिफ सिद्दीकी शामिल रहे।
मुख्य अतिथि दयाराम यादव ने कहा कि लेखन और पत्रकारिता समाज व राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि रचनात्मक पत्रकारिता सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है। विशिष्ट अतिथि ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने भी पत्रकारिता को लोकतंत्र का सशक्त माध्यम बताते हुए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष दीपेन्द्र तिवारी ने मीडिया के सामने मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार जगत बहादुर सिंह ने स्वस्थ पत्रकारिता और सकारात्मक विचारों को समाज के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी के रूप में जगत बहादुर सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। आयोजन समिति ने परियोजना निदेशक दयाराम यादव, ज्ञानप्रकाश शुक्ल और जगत बहादुर सिंह को स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित पत्रकारों ने भी नव निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष हरिलाल विश्वकर्मा ने किया। स्वागत भाषण निवर्तमान अध्यक्ष पंकज दुबे ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन वासिफ खां ने किया। समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read Also-Supreme Court: सिर्फ गाली देना अश्लीलता नहीं, IPC की धारा 294 पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
रिपोर्ट उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत



