
Pratapgarh News-सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंस राज विश्वकर्मा ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर स्वर्गीय सौरभ विश्वकर्मा के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राज्य मंत्री ने कहा कि अपने किसी प्रियजन को खोने का दर्द बेहद पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
परिवार की स्थिति की ली जानकारी
मुलाकात के दौरान हंस राज विश्वकर्मा ने परिजनों से घटना और परिवार की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिवार की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
राज्य मंत्री ने कहा कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी वार्ता करेंगे। साथ ही शोक संतप्त परिवार की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे, ताकि परिवार की समस्याओं और जरूरतों से मुख्यमंत्री को सीधे अवगत कराया जा सके।
जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
राज्य मंत्री से मुलाकात के दौरान सौरभ विश्वकर्मा के पिता मोतीलाल विश्वकर्मा, माता हीरावती और पत्नी आंचल विश्वकर्मा मौजूद रहीं। उनके साथ विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, उपजिलाधिकारी, गाजीपुर के मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, जौनपुर के जिला पंचायत सदस्य राधेश्याम विश्वकर्मा, जिला पंचायत प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा, भाजपा महामंत्री राजेश सिंह, पूर्व जिला मंत्री भाजपा राम प्रसाद विश्वकर्मा, भाजपा के सूर्य प्रकाश पटेल, अजय सिंह, पवन कुमार विश्वकर्मा, पूनम विश्वकर्मा और ओम प्रकाश विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत।



