
Pratapgarh News:कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बाबागंज और कुंडा विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय करना रहा।
बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के बिहार ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष मेराज अंसारी के नेतृत्व में डेरवा बाजार के गोपालगंज में तथा बाबागंज ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष गोविन्द सरोज के नेतृत्व में मां नायर देवी धाम की बाग में बैठक हुई। वहीं कुंडा विधानसभा क्षेत्र के कुंडा ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश गौतम के नेतृत्व में देहंगरी, जमालपुर ग्रामसभा तथा कालाकांकर ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पांडेय के नेतृत्व में डिहवा, मानिकपुर में बैठक आयोजित की गई।
बैठकों को संबोधित करते हुए एआईसीसी ऑब्जर्वर प्रमोद सहवाग ने बताया कि कांग्रेस में नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक लोग 18 अगस्त तक आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वह आगामी एक सप्ताह तक प्रतापगढ़ में रहकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से रायशुमारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले से प्राप्त सुझावों और रायशुमारी के आधार पर जिला अध्यक्ष पद के लिए एक पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसके बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व नए जिला अध्यक्ष का चयन करेगा।
पीसीसी कोऑर्डिनेटर हरिकेश त्रिपाठी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। कांग्रेस की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ताओं के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम है।
बैठक का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करुण पाण्डेय, कुंडा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी योगेश यादव, संदीप त्रिपाठी, दिलीप गौतम, मुन्ना लाल यादव, मानिकपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सागर पाल, राजेश कुमार तिवारी, दुर्गेश कुमार, राजन दूबे, संतोष प्रजापति, नूर आलम, सुशील पांडेय, देवमणि पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी ने दी।
Read Also-Bollywood News: फिल्म फेस्टिवल को लेकर मिथुन की नाराजगी
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



