
Lucknow: लखनऊ प्रेस क्लब, हज़रतगंज में अखिल भारतीय प्रधान संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसका विषय रहा “प्रधान अधिकार एवं कार्यकाल विस्तार”। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पंचायत स्तर पर लंबे समय से लंबित चुनावों को लेकर अपनी चिंता खुलकर व्यक्त की।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पंचायत चुनाव में हो रही देरी का सीधा असर ग्रामीण प्रशासन और विकास कार्यों पर पड़ रहा है। ऐसे में जब तक नए चुनाव संपन्न नहीं हो जाते, तब तक मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना बेहद आवश्यक है, ताकि गांवों में चल रही योजनाएं और प्रशासनिक कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सकें।
संगठन ने इस मांग को लेकर सरकार से अपील की है और इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अपनी मांग को स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि कार्यकाल में विस्तार नहीं किया गया, तो इससे गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं और प्रशासनिक व्यवस्था भी कमजोर पड़ सकती है।
Also Read: न्यूयॉर्क। यूएन में बोला भारत- मध्य-पूर्व की सुरक्षा, स्थिरता में हमारी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी
बैठक में वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास, सरकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया जाना जरूरी है। उनका मानना है कि कार्यकाल विस्तार से न केवल प्रशासनिक स्थिरता बनी रहेगी, बल्कि गांवों में विकास की गति भी प्रभावित नहीं होगी।
रिपोर्ट- निखिल श्रीवास्तव



