Paper Leak पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- शिक्षा व्यवस्था का हो पूरा ओवरहॉल, बच्चों को मिले तनावमुक्त माहौल

Paper Leak : पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल मिलना चाहिए तथा पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Paper Leak : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था को पूरी तरह नए सिरे से तैयार करने की जरूरत है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल मिल सके तथा अभिभावकों की वर्षों की मेहनत और त्याग का उचित परिणाम उन्हें प्राप्त हो।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का वीडियो साझा किया। इस दौरान उन्होंने रिया कुमारी के पिता राजेश कुमार से मुलाकात का जिक्र किया। रिया ने कथित NEET-UG परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि रिया के पिता का दर्द केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि पेपर लीक की घटनाओं ने देश के कई परिवारों के सपनों को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि हर छात्र के पीछे एक परिवार की उम्मीदें होती हैं और ऐसी घटनाएं पूरे समाज को प्रभावित करती हैं।

शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जहां छात्रों को डर और तनाव के बजाय सुरक्षा और भरोसा मिले। उनके अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में व्यापक बदलाव की आवश्यकता है, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके और अभिभावकों को अपने त्याग का सकारात्मक परिणाम देखने को मिले।

पेपर लीक पर राजनीतिक सहमति की अपील

देहरादून में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा संस्थानों पर किसी भी राजनीतिक दल या संगठन का प्रभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक को राष्ट्रीय समस्या बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर साझा सहमति बनाने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा प्रणाली में कई स्तरों पर खामियां हैं। उनके अनुसार, कोचिंग सेंटर, परीक्षा केंद्र, पेपर तैयार करने वाले, ट्रांसपोर्ट व्यवस्था, वेंडर, NTA और शिक्षा मंत्रालय तक पूरी व्यवस्था की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

’21वीं सदी के अनुरूप बने परीक्षा प्रणाली’

राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा परीक्षा प्रणाली पुरानी सोच पर आधारित है और इसे आधुनिक समय की जरूरतों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं और अब समय आ गया है कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर छात्रों का भरोसा बहाल किया जाए।

Show More

Related Articles

Back to top button