
NEET UG 2026:राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों के लिए स्कैन की गई OMR उत्तर पुस्तिका (OMR Answer Sheet) और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अब आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी OMR शीट और दर्ज किए गए उत्तर देख सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कहां देखें OMR शीट?
उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से लॉगिन कर OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स देख सकते हैं। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए OTP आधारित टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन लागू किया गया है। इसके अलावा, स्कैन की गई OMR शीट उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजी गई है।
15 जुलाई तक कर सकते हैं चैलेंज
रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स में किसी भी विसंगति की स्थिति में अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न के लिए ₹200 का प्रोसेसिंग शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है। निर्धारित समय सीमा के बाद भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
उत्तर कुंजी पर नई आपत्ति नहीं होगी स्वीकार
NTA ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान प्रक्रिया केवल OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स से संबंधित आपत्तियों के लिए है। अंतिम उत्तर कुंजी से जुड़ी आपत्तियों की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसलिए उस संबंध में अब कोई नया दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कब हुई थी पुनर्परीक्षा?
NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई थी। इससे पहले मुख्य परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, जिसकी अनंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। पुनर्परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
ऐसे करें OMR रिस्पॉन्स चैलेंज
- NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- आवेदन संख्या और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- OTP सत्यापन पूरा करें।
- “View/Challenge OMR Sheet & Recorded Responses” विकल्प चुनें।
- OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स का मिलान करें।
- यदि कोई त्रुटि मिले तो संबंधित प्रश्न का चयन कर आपत्ति दर्ज करें।
- प्रति प्रश्न ₹200 का ऑनलाइन शुल्क जमा करें।
- भुगतान के बाद चैलेंज सबमिट करें और भविष्य के लिए उसकी रसीद या प्रिंट सुरक्षित रख लें।
यह प्रक्रिया उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है जो अपने रिकॉर्डेड उत्तरों में किसी प्रकार की त्रुटि की जांच करना चाहते हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आपत्ति दर्ज करने पर उसका परीक्षण किया जाएगा।
Read Also-Suspected IED blast in Nagaland:असम राइफल्स का एक जवान शहीद, चार घायल



