Educational Update: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की जांच CBI को; दोबारा होगा एग्जाम

3 मई को हुई परीक्षा पर बड़ा फैसला, 22 लाख से ज्यादा छात्रों पर असर; NTA जल्द जारी करेगा नई परीक्षा तिथि

Educational Update: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया है। परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद यह निर्णय लिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।

NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट की समीक्षा के बाद यह पाया गया कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। इसी कारण सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने और दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया गया।

बताया जा रहा है कि इस परीक्षा में देशभर से 22 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद राजस्थान सहित कई राज्यों से पेपर लीक और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आई थीं। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सीकर, झुंझुनू और अन्य इलाकों में कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, परीक्षा से पहले कुछ छात्रों तक कथित तौर पर ‘गेस पेपर’ पहुंचाया गया था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 720 अंकों की परीक्षा में लगभग 600 अंकों के सवाल पहले ही लीक हो चुके थे। हालांकि इस पूरे मामले की अंतिम पुष्टि अब CBI जांच के बाद ही होगी।

Education News India: क्या JEE Main में फेल होना अंत है? जानिए कितनी बार दे सकते हैं एग्जाम

NTA ने स्पष्ट किया है कि NEET UG 2026 दोबारा आयोजित की जाएगी और नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। छात्रों को फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पहले से जमा आवेदन और परीक्षा संबंधी जानकारी मान्य रहेगी।

इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। कई छात्रों का कहना है कि लंबे समय तक तैयारी करने के बाद दोबारा परीक्षा देना मानसिक दबाव बढ़ाएगा, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द करने के फैसले को निष्पक्षता के लिए जरूरी बताया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी NEET UG परीक्षा पेपर लीक और ग्रेस मार्क्स विवाद को लेकर चर्चा में रही थी। उस समय सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द नहीं की थी, लेकिन कुछ परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई थी। अब लगातार दूसरी बार सामने आए विवाद ने देश की परीक्षा व्यवस्था और NTA की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Written By: Anushri Yadav

Show More

Related Articles

Back to top button