National News: आगरा कैंट स्टेशन पर रेलवे अधिकारी से कथित मारपीट, 4 RPF जवान सस्पेंड; VIDEO से मचा बवाल

महिला यात्री की मदद को लेकर शुरू हुआ विवाद, डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट से हाथापाई के आरोप के बाद रेलवे ने की कार्रवाई

National News: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के बीच हुआ विवाद अब बड़ा मामला बन गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार RPF जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

महिला यात्री की मदद से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री सामान लेने के लिए नीचे उतर गई। ट्रेन चलने लगी तो महिला पीछे छूटने लगी।

स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (DSS) नरेंद्र चाहर ने वॉकी-टॉकी के जरिए लोको पायलट से संपर्क कर ट्रेन की रफ्तार धीमी करवाई, जिससे महिला सुरक्षित ट्रेन में चढ़ सकी।

इसके बाद बढ़ गया विवाद

महिला के ट्रेन में चढ़ने के दौरान वहां मौजूद RPF जवान ने उसे चेन पुलिंग के शक में रोक लिया। DSS नरेंद्र चाहर ने हस्तक्षेप करते हुए बताया कि ट्रेन उनकी सूचना पर धीमी की गई थी और चेन पुलिंग का मामला नहीं है।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।

मारपीट और घसीटने के आरोप

रेलवे कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान RPF के अन्य जवान भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने DSS के साथ मारपीट की। आरोप है कि अधिकारी को जमीन पर गिराने के बाद हाथ-पैर पकड़कर करीब 300 मीटर तक RPF थाने की ओर घसीटा गया

हालांकि, RPF का कहना है कि DSS ने पहले उनके जवानों के साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ी।

National News: नए वोटर्स को अब देनी होगी पैरेंट्स की SIR डिटेल, चुनाव आयोग ने बदली आवेदन प्रक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कॉन्स्टेबल बदन सिंह और कॉन्स्टेबल जितेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

रेलवे कर्मचारियों ने किया विरोध

घटना के बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी RPF थाने के बाहर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि किसी अधिकारी से विवाद था तो कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, न कि बल प्रयोग किया जाना चाहिए।

फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button