
Mayawati News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने अपनी सेहत को लेकर चल रही खबरों को अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और पार्टी के काम में व्यस्त हैं। मायावती ने दावा किया कि बसपा से निकाले गए कुछ लोग पिछले एक-दो दिनों से उनके बीमार होने का भ्रम फैला रहे हैं।
मायावती ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने भतीजे और बसपा के पूर्व नेता आकाश आनंद पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अभी भी “अपने दिमाग से काम नहीं कर रहा है”, बल्कि अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहा है।
‘बहनजी बीमार हैं’, ऐसी अफवाह फैलाई जा रही
मायावती ने कहा कि पार्टी और आंदोलन के हित में उन्होंने हाल में जो कड़े फैसले लिए हैं, उनसे पार्टी को फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से बड़े और महत्वपूर्ण मामलों पर सीधे ट्वीट के जरिए अपनी बात रख रही हैं।
बसपा सुप्रीमो के मुताबिक, उनकी ओर से मीडिया में सीधे सामने न आने को उनकी बीमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले गए लोगों ने यह भ्रम फैलाया कि “बहनजी काफी बीमार चल रही हैं।”
आकाश आनंद ने फोन कर पूछा था मायावती का हाल
मायावती ने अपने बयान में आकाश आनंद के एक फोन कॉल का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आकाश आनंद ने पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार को फोन कर पूछा था कि क्या बहनजी बीमार चल रही हैं और उनका स्वास्थ्य कैसा है।
मायावती के अनुसार, आलोक कुमार ने जवाब दिया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में व्यस्त हैं। मायावती ने दावा किया कि इसके बाद आकाश आनंद ने यह बात उन्हें न बताने के लिए कहा।
‘अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहा’
मायावती ने आकाश आनंद के इस कथित व्यवहार को गंभीर बताते हुए कहा कि इसके पीछे की मानसिकता पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अभी भी अपने विवेक से काम नहीं कर रहा, बल्कि अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहा है।
बसपा संगठन में भी बड़ा बदलाव
मायावती ने इस दौरान बसपा के संगठनात्मक ढांचे में किए गए बदलावों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी में ‘चीफ सेक्टर इंचार्ज’ का पद समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही आनंद कुमार को संगठन में अधिक जिम्मेदारी दी गई है।
BRICS घोषणापत्र पर भी मायावती की प्रतिक्रिया
बसपा प्रमुख ने BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान अपनाए गए संयुक्त घोषणापत्र पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे सकारात्मक कदम बताया और उम्मीद जताई कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद का समाधान निकलेगा।
मायावती ने कहा कि BRICS का संयुक्त घोषणापत्र आना अच्छी बात है और चीन के साथ सीमा मुद्दे का समाधान होना चाहिए।



